75. धर्म एक है


 श्रीकृष्ण कहते हैंअच्छी प्रकार आचरण में लाये हुए परधर्म से गुणरहित स्वधर्म अति उत्तम है। स्वधर्म में तो मरना भी कल्याणकारक है और परधर्म भय को देने वाला है (3.35)। यह जटिल श्लोक हमारे मन में स्पष्टता से अधिक संदेह पैदा करता है।

एक अर्थ में यह श्लोक कुरुक्षेत्र युद्ध में अर्जुन के लिए विशुद्ध रूप से प्रासंगिक है। अर्जुन के पास उस क्षण तक क्षत्रिय धर्म है और अगले क्षण में संत बनने की इच्छा रखता है। इस परिवर्तन की संभावना नहीं है और श्रीकृष्ण इस श्लोक में यही संकेत कर रहे हैं।

जबकि धर्म एक है, हम इसे अलग-अलग तरीकों से समझते हैं जैसे कहावत के पांच अंधे एक ही हाथी को अपने स्पर्श से अलग-अलग तरह से देखते हैं। यदि उनमें से कोई इसे दांत के रूप में देखता है तो वह उसका अपना दृष्टिकोण अर्थात् स्वधर्म है। श्लोक आगे संकेत करता है कि जो व्यक्ति इसे दांत के रूप में मानता है उसे अपने पथ का अनुसरण करते रहना चाहिए क्योंकि उसी मार्ग पर रहकर वह हाथी को समग्र रूप में समझ पाएगा। उसे औरों के द्वारा प्रस्तुत विवरण को अपनाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए जो इसे पैर या पूंछ के रूप में मानते हैं।

अगला सवाल यह आता है कि किसकी धारणा सही है। वे सभी अपने अपने तरीके से सही हैं और इसलिए श्रीकृष्ण तुलना का प्रोत्साहन नहीं करते हैं जब वे कहते हैं कि गुणरहित होने पर भी स्वधर्म का पालन करें।

धर्म की तुलना बिजली से कर सकते हैं जो हमारे घरों में प्रवेश करती है और जिस उपकरण को शक्ति देती है उसके आधार पर अलग-अलग रूप से प्रकट होती है। प्रत्येक उपकरण की अपनी प्रकृति होती है और एक पंखा, टीवी बनने का सपना नहीं देख सकता।

श्रीकृष्ण ने पहले संकेत दिया कि दमन हमें कहीं नहीं ले जाता (3.33)। परधर्म को अपनाने का मतलब है स्वधर्म का दमन। दमन हमें किसी एक दृष्टि को स्वीकार कर अन्य दृष्टियों को नकारने की ओर ले जाता है जबकि धर्म सभी व्यक्तिगत धारणाओं का मेल है जैसा कि अंधे पुरुषों और हाथी के मामले में होता है। यह एक यात्रा है जो स्वधर्म से प्रारंभ होती है, जागरूकता और करुणा के माध्यम से परधर्म को आत्मसात् करती है, और अंततः सभी धर्मों का त्याग करती है (18.66)

Comments

Popular posts from this blog

183. अभ्यास से सिद्धि

184. त्याग से शांति

115. ध्यान की एक विधि