30. कम प्रयास से बड़ा लाभ


श्रीकृष्ण आश्वासन देते हैं कि कर्मयोग का थोड़ा सा भी आचरण अच्छे परिणाम देते हैं और यह मार्ग हमें बड़े भय से रक्षा प्रदान करता है (2.40)। ध्यान देने योग्य बात यह है कि जहाँ सांख्ययोग शुद्ध जागरूकता है, वहीं कर्मयोग में प्रयास करना पड़ता है।

यह उन साधकों के लिए भगवान् श्रीकृष्ण का आश्वासन है जिन्होंने अभी-अभी अपनी आध्यात्मिक यात्रा शुरू की है और जो इस प्रयास को कठिन पाते हैं। श्रीकृष्ण हमारी कठिनाई को समझते हैं और हमें विश्वास दिलाते हैं कि एक छोटा सा प्रयास भी अद्भुत परिणाम दे सकता है। वह हमें निष्काम कर्म और समत्व के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं।

एक तरीका यह है कि श्रद्धा के साथ श्रीकृष्ण द्वारा बताये गए कर्मयोग का अभ्यास शुरू करें। समय के साथ जब हम अपने अनुभवों को लगातार कर्मयोग के दृष्टिकोण से देखते हैं तो हमारी समझ धीरे-धीरे गहरी होती जाती है और यह हमें हमारे अंतरात्मा के और करीब ले जाती है।

एक और तरीका यह है कि हम अपने भय को समझें और समझें कि कर्मयोग का अभ्यास भय को कैसे दूर कर सकता है। हमारी आंतरिक अपेक्षाओं और दुनिया की वास्तविकता की विसंगति का परिणाम ही भय है। कर्मयोग हमें निष्काम कर्म करना सिखाता है जिससे कर्मफल की अपेक्षाएँ समाप्त होती हैं। इससे हमारा भय खत्म हो जाता है।

पानी का गुणधर्म चलते हुए जहाज को अपना मार्ग बदलने में मदद करता है, जब पतवार से जुड़े ट्रिम टैब पर थोड़ी-सी आंतरिक शक्ति लगाई जाती है। इसी प्रकार भीतर से सही दिशा में किया गया थोड़ा-सा प्रयास भी ब्रह्मांड के गुण के कारण बड़े परिवर्तन ला सकता है जो हमारे लिए कर्मयोग का मार्ग दृढ करता है।

जब हम बच्चे थे, हमने तब तक हार नहीं मानी जब तक हमने चलना और दौड़ना सीख नहीं लिया जो कि कोई आसान उपलब्धि नहीं है। इसी तरह कर्मयोग में महारत हासिल करने के लिए बार-बार किए गए प्रयास ऐसे परिणाम देंगे जिन्हें छोटी लेकिन निश्चित जीत की एक श्रृंखला के रूप में देखा जा सकता है।


Comments

Popular posts from this blog

183. अभ्यास से सिद्धि

184. त्याग से शांति

115. ध्यान की एक विधि